ऋषिकेश:
क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। ऋषिकेश के वीरभद्र महादेव मंदिर परिसर से ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, देहरादून के लिए निःशुल्क बस सेवा का शानदार शुभारंभ किया गया है। इस जनकल्याणकारी सेवा की शुरुआत परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती मुनि ने हरी झंडी दिखाकर की।
सप्ताह में दो दिन चलेगी बस, ओपीडी सेवा होगी पूरी तरह मुफ्त
यह बस सेवा प्रत्येक सप्ताह के सोमवार और गुरुवार को प्रातः 8:30 बजे वीरभद्र मंदिर परिसर से मरीजों को लेकर ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, देहरादून के लिए रवाना होगी। अस्पताल पहुँचने पर मरीजों को ओपीडी (OPD) में पूर्णतः निःशुल्क उपचार का लाभ मिलेगा।
‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ का सच्चा उदाहरण
बस सेवा का शुभारंभ करते हुए स्वामी चिदानन्द सरस्वती मुनि ने कहा ”सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। ग्राफिक एरा हॉस्पिटल द्वारा शुरू की गई यह बस सेवा देवभूमि की जनता के लिए वरदान सिद्ध होगी। निःशुल्क उपचार भगवान का ही एक रूप है, जो ‘आस्था से आरोग्य’ तक की यात्रा को साकार कर रहा है।”
वीरभद्र महादेव मंदिर के प्रबंधक रघुवीर गिरी महाराज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ का सच्चा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि महादेव के आंगन से इस जनसेवा का प्रारंभ होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। मंदिर परिसर से बस संचालित होने के कारण बुजुर्गों, माताओं और बहनों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने मंदिर समिति की ओर से इस कार्य में पूरे सहयोग का भरोसा दिया।
स्वस्थ भारत के संकल्प की दिशा में बड़ा कदम
- शंभू पासवान (महापौर, ऋषिकेश नगर निगम): ग्राफिक एरा हॉस्पिटल प्रबंधन का आभार जताते हुए उन्होंने इसे स्वास्थ्य सुविधा की दिशा में एक मील का पत्थर बताया और नगर निगम की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
- प्रतीक कालिया (जिला महामंत्री): इस पहल को प्रधानमंत्री के ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की जनता को निःशुल्क ओपीडी सुविधा मिलना बेहद सराहनीय है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस ऐतिहासिक और सेवाभावी शुरुआत के अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ और गणमान्य लोग साक्षी बने। कार्यक्रम में लायंस क्लब से नरेंद्र चौहान, साकेत उनियाल, मोहन सिंह बिष्ट, प्रोफेसर बी एस बिष्ट, डॉ. सुभाषु सिंह, कुलदीप सिंह, जुगल रेसले और गौरव उनियाल सहित भारी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

