ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में वीरभद्र रोड स्थित एक होटल में देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां पांचवी मंजिल से अचानक लिफ्ट टूटने के कारण नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में लिफ्ट में सवार फरीदाबाद (हरियाणा) के पांच पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायल पर्यटकों को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित पर्यटक पेशे से पत्रकार हैं।
खाना खाकर लौट रहे थे नीचे
एम्स पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, देर रात वीरभद्र रोड स्थित ‘होटल तुसक’ (Tusk) में लिफ्ट टूटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने देखा कि घायल पर्यटक फर्श पर बैठे दर्द से कराह रहे थे।
घायलों ने बताया कि वे सभी रात्रि भोज (डिनर) के लिए होटल की पांचवीं मंजिल पर गए थे। खाना खाने के बाद जब वे वापस ग्राउंड फ्लोर पर आने के लिए लिफ्ट में सवार हुए, तो अचानक लिफ्ट का तार या संतुलन टूटने से वह सीधे नीचे आ गिरी। पीड़ितों के मुताबिक, यह मंजर बेहद भयानक था और गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद गुस्साए पर्यटकों ने होटल संचालक और प्रबंधकों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौके पर ही उन्हें जमकर लताड़ लगाई। घायलों में शामिल वरुण कुमार और मनोज सूर्यवंशी ने बताया कि लिफ्ट की खराब स्थिति के कारण उनके एक साथी के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, एक साथी के हाथ में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य दो साथी भी बुरी तरह चोटिल हुए हैं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच शुरू
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मौके पर एंबुलेंस बुलाई और सभी घायल पत्रकारों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ितों ने होटल संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को देर रात हादसे की सूचना मिली थी। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचा दिया गया है और पुलिस ने होटल में सुरक्षा मानकों और तकनीकी खामियों को लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

