ऋषिकेश। पर्यटन और धार्मिक नगरी ऋषिकेश के समीप तपोवन क्षेत्र में रात के समय एक युवती द्वारा भारी हंगामा करने का मामला सामने आया है। अत्यधिक नशे की हालत में धुत्त युवती ने न सिर्फ बीच सड़क पर जमकर बवाल काटा, बल्कि पुलिस प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को भी गिराकर मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। इस घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति पैदा हो गई।
समझाने पर राहगीरों से ही उलझी युवती
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो बना रहे व्यक्ति के अनुसार, युवती पूरी तरह से नशे में थी और बेहद आक्रामक व्यवहार कर रही थी। जब सड़क से गुजर रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उसे समझाने व सड़क से बैरिकेड हटाने का प्रयास किया, तो वह शांत होने के बजाय लोगों पर ही चिल्लाने लगी और उनसे उलझ गई। वीडियो में युवती बैरिकेड्स को जबरन हिलाकर गिराती और लोगों के साथ अभद्रता करती साफ नजर आ रही है।
वाहनों की थमी रफ्तार, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
इस हाईवोल्टेज ड्रामे के कारण तपोवन मार्ग पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई, जिससे विशेषकर दुपहिया वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहगीरों ने बताया कि युवती किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं थी और लगातार हुड़दंग मचा रही थी।
स्थानीय निवासियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
गौरतलब है कि ऋषिकेश और तपोवन जैसे क्षेत्र वैश्विक स्तर पर पर्यटन और योग केंद्र के रूप में प्रसिद्ध हैं, जहाँ देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। स्थानीय निवासियों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की नशाखोरी और हुड़दंगबाजी से क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और छवि पर गहरा असर पड़ता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

