ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ तपोवन क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला सड़क पर प्रसव पीड़ा से तड़पती पाई गई। स्थानीय लोगों की सजगता और पुलिस की तत्परता से महिला और उसकी नवजात बच्ची की जान सुरक्षित है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, आज तपोवन क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने एक गर्भवती महिला को लावारिस अवस्था में सड़क किनारे प्रसव पीड़ा से बुरी तरह तड़पते देखा। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत तपोवन चौकी पुलिस को सूचना दी गई।
तपोवन चौकी प्रभारी प्रवीन रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बिना समय गंवाए 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और महिला को ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मां और बच्ची दोनों सुरक्षित
अस्पताल पहुंचने के कुछ ही समय बाद डॉक्टरों की देखरेख में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया है। डॉक्टरों के अनुसार, यदि महिला को समय पर अस्पताल न लाया जाता, तो दोनों की जान को खतरा हो सकता था।
पंजाब की रहने वाली है महिला
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिस कारण वह अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से बताने में असमर्थ है। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार महिला मूल रूप से पंजाब प्रांत की रहने वाली बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब इस गंभीर मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। चौकी प्रभारी ने बताया कि जांच इस दिशा में की जा रही है कि महिला विवाहित है या वह किसी के द्वारा किए गए शारीरिक शोषण का शिकार हुई है। पुलिस महिला के परिजनों का पता लगाने का भी प्रयास कर रही है ताकि इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

