ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के आईडीपीएल चौकी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां विस्थापित कॉलोनी में एक कलयुगी बेटे ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी ही मां पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल महिला को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घरेलू विवाद के बाद वारदात पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विस्थापित कॉलोनी (गली नंबर-3) निवासी उषा देवी का उनके बेटे सुमित गौड़ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी इतनी बढ़ी कि गुस्से में आकर सुमित ने अपनी मां पर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही उषा देवी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
खुद ही मां को लेकर अस्पताल पहुंचा आरोपी प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुमित गौड़ खुद ही अपनी घायल मां को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा। इसी बीच किसी स्थानीय नागरिक ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी।
मौके पर फैला था खून, जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर भारी मात्रा में खून फैला हुआ था। इसके बाद पुलिस टीम ने एम्स पहुंचकर घायल महिला का हाल जाना और डॉक्टरों से जानकारी ली। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
नशे का आदी है आरोपी बेटा
चौकी प्रभारी विवेक राठी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी बेटा नशे का आदी है। आशंका जताई जा रही है कि उसने नशे की हालत में ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, विवाद की असली वजह क्या थी, महिला को गोली कहां लगी है और वारदात में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी था या अवैध, इन सब बातों की पुष्टि मेडिकल और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

