


भारतीय क्रिकेट के लिए एक और गौरवपूर्ण पल सामने आने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को इस साल बीसीसीआई के प्रतिष्ठित ‘नमन अवॉर्ड्स’ में क्रिकेटर ऑफ द ईयर सम्मान से नवाजा जा सकता है। पिछले एक साल में गिल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी और प्रभावशाली नेतृत्व से टीम इंडिया को कई अहम जीत दिलाई हैं, जिसकी वजह से उन्हें इस बड़े सम्मान के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
दरअसल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) हर साल नमन अवॉर्ड्स के जरिए उन खिलाड़ियों को सम्मानित करता है जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया हो। इस साल भी कई दिग्गज और उभरते खिलाड़ियों को सम्मानित किए जाने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के अनुसार पूर्व भारतीय कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ को ‘कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। वहीं मुंबई के युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे को घरेलू लिमिटेड ओवर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘लाला अमरनाथ अवॉर्ड’ मिलने की संभावना जताई जा रही है।

इसके साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान मिताली राज को भी लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान देने पर विचार किया जा रहा है। मिताली राज ने लंबे समय तक भारतीय महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है और उनका योगदान भारतीय क्रिकेट इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।
राहुल द्रविड़ के कोचिंग कार्यकाल को भी भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद सफल माना जाता है। उनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने आईसीसी टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन किया। टीम वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची और साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब भी अपने नाम किया। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इसी उपलब्धि को देखते हुए द्रविड़ को बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स में कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
हाल ही में टीम इंडिया ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया। भारत ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया और टी20 वर्ल्ड कप का खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली पहली टीम बन गई। इस शानदार उपलब्धि के बाद बीसीसीआई ने पूरी भारतीय टीम को 131 करोड़ रुपये के बड़े इनाम की घोषणा भी की।
फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन का रिकॉर्ड स्कोर बनाया। इस पारी में संजू सैमसन की विस्फोटक बल्लेबाजी सबसे खास रही, जिन्होंने 89 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए और न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, जबकि फाइनल में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में अपना तीसरा खिताब जीतकर विश्व क्रिकेट में एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाया। वहीं आगामी नमन अवॉर्ड्स में खिलाड़ियों को मिलने वाले सम्मान भारतीय क्रिकेट की इन उपलब्धियों को और भी खास बना देंगे।







