
क्रिकेट: तेज मध्यम गति के दिग्गज स्विंग गेंदबाज इरफान पठान और प्रवीण कुमार की घातक गेंदबाजी का जलवा अब हल्द्वानी के क्रिकेट प्रेमियों को करीब से देखने को मिलेगा। एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग के तहत होने वाले इस रोमांचक टूर्नामेंट में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान उत्तराखंड सोल्जर टीम से, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार दिल्ली नाइट की ओर से मैदान में उतरते नजर आएंगे।
इस लीग में न सिर्फ भारत बल्कि विदेशों के चर्चित क्रिकेट सितारे भी अपने बल्ले और गेंद से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।
3 फरवरी से शुरू होगी लीग, पहला मैच फ्लडलाइट में
———————————————————————-
गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के क्रिकेट मैदान में पहले यह लीग 1 फरवरी से प्रस्तावित थी, लेकिन अब यह 3 फरवरी से शुरू होकर 10 फरवरी तक चलेगी। टूर्नामेंट में छह टीमों के बीच कुल 14 मुकाबले खेले जाएंगे।
खास बात यह है कि 3 फरवरी की शाम फ्लडलाइट की दूधिया रोशनी में पहला ही मुकाबला उत्तराखंड सोल्जर और दिल्ली नाइट के बीच खेला जाएगा, जिससे टूर्नामेंट की शुरुआत ही हाई-वोल्टेज टक्कर से होगी।
खिलाड़ियों ने किया पिच का निरीक्षण, ट्रायल मैच भी खेला
————————————————————————–
शनिवार को उत्तराखंड सोल्जर और दिल्ली नाइट के खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचे और टर्फ विकेट का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आपसी तालमेल और पिच की समझ के लिए संक्षिप्त ट्रायल मैच भी खेला।
हालांकि, कुछ खिलाड़ियों ने पिच की दिशा को लेकर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि मैच के दौरान सीधी धूप बल्लेबाजों और फील्डरों के चेहरे पर पड़ेगी, जिससे खेल प्रभावित हो सकता है।
टिकट बिक्री शुरू, ऑनलाइन मोड में ज्यादा डिमांड
—————————————————————-
स्टेडियम के बाहर बने टिकट काउंटर से अब तक ऑफलाइन मोड में पांच दर्शकों ने टिकट खरीदे हैं। वहीं आयोजकों का दावा है कि ऑनलाइन माध्यम से बड़ी संख्या में टिकट बिक चुके हैं।
दर्शक दीर्घा के टिकटों की कीमत 199 रुपये से लेकर 1499 रुपये तक रखी गई है।
इन पूर्व क्रिकेटरों से सजेगी लीग
इस लीग में कई नामी और अनुभवी खिलाड़ी भी खेलते नजर आएंगे, जिनमें शामिल हैं—
सौरभ तिवारी, प्रवींद्र अवाना, राहुल यादव, पवन सुयाल, जेसी राइडर, अमितोज सिंह, क्रिस्टोफर मोफु, मार्कंडे चौरसिया, शदाब जकाती, अंकित राजपुर, असाद पठान, ईश्वर पांडेय, अभिषेक साकुजा, फैज फाजल, अनुरीत सिंह, जैसल केरिया, अक्षय वाकड़े, सारुल कंवार और जयकिशन कोलसावाला।
खिलाड़ियों की जुबानी उत्साह
सचिन यादव (उत्तराखंड सोल्जर)
“टीवी पर क्रिकेट देखकर खेलने का जुनून चढ़ा। गली क्रिकेट से शुरू करके अब लीग मुकाबलों तक पहुंचा हूं। जिन खिलाड़ियों को कभी आदर्श मानता था, अब उन्हीं के साथ मैदान साझा करूंगा। मुझे 20 हजार रुपये में खरीदा गया है और इसे लेकर काफी उत्साहित हूं।”
यश यादव (दिल्ली नाइट)
“मेरे पिता राजू यादव भी तेज गेंदबाज रहे हैं, मैं भी उसी राह पर हूं। अंडर-23 कैंप कर चुका हूं और पिछले साल कानपुर प्रीमियर लीग में खेला था। इस बार मुझे 45 हजार रुपये में खरीदा गया है।”
अमन यादव (दिल्ली नाइट)
“जिन क्रिकेटरों को टीवी पर देखकर प्रेरणा मिलती थी, वे अब हमारी टीम में हैं। प्रवीण कुमार जैसे दिग्गज के साथ खेलना गर्व की बात है। मैंने भारत की ओर से विजी ट्रॉफी खेली है और मुझे 30 हजार रुपये में खरीदा गया है।”
मैच शेड्यूल पर एक नजर
—————————————
03 फरवरी – उत्तराखंड सोल्जर बनाम दिल्ली नाइट (शाम)
04 फरवरी – वाराणसी वाइपर्स बनाम दिल्ली नाइट (दिन)
04 फरवरी – हल्द्वानी टाइगर्स बनाम मसूरी किंग्स (शाम)
05 फरवरी – वाराणसी वाइपर्स बनाम दिल्ली नाइट (दिन)
05 फरवरी – हल्द्वानी टाइगर्स बनाम उत्तराखंड सोल्जर (शाम)
06 फरवरी – मसूरी किंग्स बनाम दिल्ली नाइट (दिन)
06 फरवरी – यूपी वारियर्स बनाम हल्द्वानी टाइगर्स (शाम)
07 फरवरी – मसूरी किंग्स बनाम उत्तराखंड सोल्जर (दिन)
07 फरवरी – यूपी वारियर्स बनाम हल्द्वानी टाइगर्स (शाम)
08 फरवरी – दिल्ली नाइट बनाम हल्द्वानी टाइगर्स (दिन)
08 फरवरी – उत्तराखंड सोल्जर बनाम वाराणसी वाइपर्स (शाम)
09 फरवरी – यूपी वारियर्स बनाम दिल्ली नाइट (दिन)
09 फरवरी – मसूरी किंग्स बनाम वाराणसी वाइपर्स (शाम)
10 फरवरी – यूपी वारियर्स बनाम उत्तराखंड सोल्जर (दिन)
10 फरवरी – वाराणसी वाइपर्स बनाम मसूरी किंग्स (शाम)

