
क्रिकेट- वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 से बाहर होने के बाद अपनी टीम की हार की जिम्मेदारी खुद ली। उन्होंने कहा कि वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके, जिससे उनकी टीम भारत के खिलाफ मैच हार गई। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 195 रन बनाए। लेकिन भारत ने यह लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। शाई होप ने 33 गेंदों में 32 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट कम रहा और उन्होंने 17 डॉट गेंदें खेलीं, जो अंत में टीम के लिए नुकसानदायक साबित हुईं।
मैच के बाद शाई होप ने कहा, “अगर आप चाहते हैं कि मैं अपनी गलती मानूं, तो हां, मुझे और तेज खेलना चाहिए था। कप्तान होने के नाते मुझे आगे बढ़कर टीम को लय देनी थी, लेकिन आज ऐसा नहीं हो पाया। मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।” उन्होंने आगे कहा, “ऐसी परिस्थितियों में हर बल्लेबाज संघर्ष करता है। मुझे नहीं लगता कि मैं बहुत खराब खेला, लेकिन आज रन नहीं बना सका।”
भारत की गेंदबाजी ने बनाया दबाव
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पावरप्ले में अर्शदीप सिंह, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी की और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। शाई होप ने कहा, “भारतीय गेंदबाजों ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। हर गेंद पर छक्का मारना आसान नहीं होता। मैं सीधे फील्डरों के हाथों में शॉट खेल रहा था।”
उन्होंने माना कि पावरप्ले में उनकी टीम और बेहतर खेल सकती थी। “हम पावरप्ले में 65-70 रन बनाना चाहते थे, लेकिन हम बिना विकेट गंवाए सिर्फ 45 रन बना सके। हमें लगा था कि हमारी बल्लेबाजी मजबूत है, लेकिन हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए।”
टीम के लिए कुछ अच्छी बातें भी रहीं
शाई होप ने कहा कि हार के बावजूद टीम के लिए कुछ सकारात्मक बातें भी रहीं।
उन्होंने बताया, “हमारी गेंदबाजी पिछली सीरीज से बेहतर रही। पावरप्ले में गेंदबाजी शानदार रही। शिमरोन हेटमायर ने नंबर तीन पर अच्छी बल्लेबाजी की। मैथ्यू फोर्ड ने नई गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया। अकील और मोती ने भी अपना योगदान दिया।”
संजू सैमसन की पारी ने दिलाया भारत को जीत
शाई होप ने भारत के मैच विजेता बल्लेबाज संजू सैमसन की जमकर तारीफ की। संजू ने नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई। वेस्टइंडीज के कप्तान ने कहा, “संजू सैमसन ने शुरू से अंत तक बहुत समझदारी से बल्लेबाजी की और रन गति बनाए रखी। उन्होंने बेहतरीन शॉट चुने। काश उन्होंने आज ऐसी पारी नहीं खेली होती।” इस हार के साथ वेस्टइंडीज की टीम टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 से बाहर हो गई।

