ऋषिकेश, 4 जुलाई 2026:
ऋषिकेश में मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान शनिवार को सियासी पारा चढ़ गया। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के दौरे का तीखा विरोध करते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बापू ग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करने में हो रही देरी, बढ़ती बेरोजगारी, कमरतोड़ महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रचार में व्यस्त है सरकार, युवा परेशान: हिमांशु जाटव / हिमांशु कश्यप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे महानगर अध्यक्ष एनएसयूआई हिमांशु जाटव और महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस हिमांशु कश्यप ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की युवा पीढ़ी बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार की चौतरफा मार से त्रस्त है, लेकिन सरकार इन गंभीर जनसमस्याओं पर ध्यान देने के बजाय सिर्फ अपना प्रचार चमकाने में व्यस्त है।
नेताओं ने आगे कहा कि बापू ग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग लंबे समय से लंबित पड़ी है, जिसे लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इन मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, तो युवा कांग्रेस और एनएसयूआई जनहित में इस आंदोलन को और उग्र करेगी।
जनता को मिल रहे सिर्फ खोखले आश्वासन: विशाल स्नेह
युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विशाल स्नेह ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे पर काले झंडे दिखाना कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की दबी हुई आवाज को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार जनता को केवल खोखले आश्वासन थमा रही है। रोजगार की कमी और बढ़ते भ्रष्टाचार के कारण आज आम नागरिक खुद को असहाय महसूस कर रहा है। जब तक सरकार इन मांगों को पूरा नहीं करती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
कानून-व्यवस्था और रोजगार के मोर्चे पर सरकार विफल: दीपक वर्मा
वहीं, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दीपक वर्मा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से पूरी तरह आंखें मूंद चुकी है। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराध और आए दिन हो रहे गोलीकांडों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। रोजगार न मिलने से युवाओं में भारी हताशा है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
कार्यकर्ताओं का हुजूम रहा मौजूद
इस उग्र प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने एक सुर में सरकार को चेताया कि जनहित के इन मुद्दों पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए, अन्यथा यह विरोध प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में बड़े आंदोलन का रूप ले लेगा।

