

ऋषिकेश: रानीपोखरी पुलिस ने ऑनलाइन स्कैनर और फर्जी खातों के माध्यम से लाखों की धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रानीपोखरी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरोह के एक अहम सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है, जो राजस्थान का रहने वाला है।
बता दे कि बीते 31 जनवरी 2026 को भोगपुर निवासी प्रशांत रावत ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने षड्यंत्र रचकर उनकी सास के नाम पर संचालित पेट्रोल पंप के ऑनलाइन स्कैनर का दुरुपयोग किया। आरोपियों ने अवैध लेनदेन कर पेट्रोल पंप के खाते से 4 लाख 50 हजार रुपये फ्रीज करवा दिए। पुलिस ने तत्काल बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी विकेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर युवराज सिंह भाटी निवासी नागौर, राजस्थान को रानीपोखरी क्षेत्र के जाखन नदी मार्ग से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों (निशांत विश्नोई और श्रवण विश्नोई) के साथ मिलकर काम करता है। यह गिरोह आम लोगों को 5% कमीशन का लालच देकर उनके एटीएम कार्ड, स्कैनर और बैंक डिटेल हासिल करता है। धोखाधड़ी से प्राप्त राशि को इन खातों में मंगाकर विड्रॉल करता है। आरोपी के कब्जे से 35 हजार रुपए नकद अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया है जो नाम मुकदमे में सामने आए हैं उनकी तलाश भी पुलिस कर रही है। आरोपी के अपराधिक इतिहास की जानकारी भी पुलिस जुटा रही है।







