ऋषिकेश: गंगा भोगपुर तल्ला स्थित ‘पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा’ के संचालक नीरज गुप्ता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। गंगा किनारे उनकी चप्पलें और घड़ी बरामद होने से उनके नदी में कूदकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने उनकी पत्नी की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर से मिले पांच पत्र, परिजनों में हड़कंप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एटीएस ग्रीन पैराडिसो, ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) निवासी विनीता गुप्ता ने बीते 27 अक्तूबर को लक्ष्मणझूला कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके पति नीरज गुप्ता गंगा भोगपुर तल्ला में पनाम्बी रिजॉर्ट का संचालन करते थे। परिस्थितियों के चलते मानसिक तनाव में आकर नीरज गुप्ता ने घर पर पांच पत्र (सुसाइड नोट) छोड़े हैं और वे संदिग्ध रूप से लापता हो गए हैं।
गंगा किनारे मिले चप्पल व घड़ी
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, नीरज गुप्ता की चप्पल और घड़ी गंगा नदी के किनारे मिली है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें घटना से पहले गंगा किनारे देखा भी था, जिससे उनके नदी में छलांग लगाने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।
दो पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए लक्ष्मणझूला कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। लक्ष्मणझूला कोतवाली प्रभारी सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि विनीता गुप्ता की शिकायत के आधार पर रवि बजाज, गगन बत्रा तथा अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना से जुड़े तमाम तथ्यों, सुसाइड नोट और साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन द्वारा लापता रिजॉर्ट संचालक की तलाश के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

