हरिद्वार। वर्ष 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने उपजिलाधिकारियों (SDMs) और खंड विकास अधिकारियों (BDOs) के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों की गहन समीक्षा की।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को चुनाव तैयारियों से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
बूथों की जांच और दो दिन में मांगी रिपोर्ट

जिलाधिकारी ने जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों और पोलिंग बूथों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने SDM और BDO को अपने-अपने क्षेत्रों में बूथों की स्थिति और वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जांच करने को कहा है। बूथ सत्यापन की अंतिम सूची दो दिनों के भीतर उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगे की व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें।
लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने के निर्देश
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत जनपद में लाइसेंसी शस्त्रों के सत्यापन और उन्हें नियमानुसार जमा कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
दुकानदारों और बैंकों में तैनात सुरक्षा गार्डों के शस्त्र जमा न होने की स्थिति में उनसे लाइसेंस से संबंधित आवश्यक आवेदन पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (ARO) और जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती से जुड़ी सूची जल्द से जल्द तैयार करने को कहा गया है।
राजनीतिक दलों के साथ संवाद और अवैध शराब पर नकेल
पारदर्शिता और बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठकें करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही, चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ निरंतर सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया गया है। संबंधित विभागों को क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (रुड़की) दीपक रामचंद्र सेठ, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा (हरिद्वार), देवेंद्र सिंह नेगी (भगवानपुर), एसएलओ आकाश जोशी, जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिनजोला, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, खंड विकास अधिकारी परवीन भट्ट (लक्सर), सुमन कोटियाल (रुड़की), आलोक गार्गेय (खानपुर), तहसीलदार दीवान सिंह राणा (लक्सर) और विकास अवस्थी (रुड़की) सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

