हरिद्वार (उत्तराखंड)।
आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत जनपद हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही हरिद्वार को उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है।
गंगा घाटों और प्रमुख मार्गों पर सफाई अभियान
जिला प्रशासन द्वारा कुंभ 2027 के मद्देनजर गंगा घाटों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर सफाई कार्य संचालित किए जा रहे हैं। इस अभियान में साधु-संतों, धार्मिक संस्थाओं, होटल एवं व्यापारिक संघों, जनप्रतिनिधियों तथा शिक्षण संस्थानों का भी सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है। इसका उद्देश्य हरिद्वार आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक स्वच्छ और दिव्य वातावरण प्रदान करना है।
खुले में कूड़ा न फेंकें, गीला-सूखा कचरा अलग रखें
जिलाधिकारी ने नागरिकों से विशेष आग्रह किया कि:
-
कोई भी व्यक्ति खुले में या सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फेंके।
-
कचरे को केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें और गीले व सूखे कूड़े को अलग-अलग (Source Segregation) रखें।
-
पवित्र गंगा नदी और घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभाएं।
कूड़े की शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
शहर में स्वच्छता व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने एक कंट्रोल रूम नंबर भी जारी किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि यदि किसी भी सार्वजनिक स्थान, सड़क, या घाट पर कूड़ा-कचरा दिखाई देता है, तो नागरिक तत्काल कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8273371714 पर सूचना दे सकते हैं, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नागरिकों और संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से हरिद्वार की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गरिमा बनी रहेगी और शहर स्वच्छता के मामले में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

