ऋषिकेश:
उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और ऋषिकेश के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने शहर में बन रही मल्टी-स्टोरी पार्किंग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और काम की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की कड़ी हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि यह महत्वाकांक्षी मल्टी-स्टोरी पार्किंग लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है। इस आधुनिक पार्किंग में करीब 1,050 गाड़ियों को पार्क करने की बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, यहां इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग पॉइंट, लिफ्ट की व्यवस्था और वाहनों के सुगम आवागमन के लिए बेहतरीन तकनीकी प्रबंध किए जा रहे हैं। पार्किंग परिसर में ही निगम व अन्य विभागों के कार्यालयों के साथ-साथ एक पूजा प्रार्थना स्थल बनाए जाने का भी प्रस्ताव है।
योजना की समय सीमा पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि हालांकि इस परियोजना को पूरा करने का आधिकारिक लक्ष्य अगस्त 2027 तक का है, लेकिन कार्यदायी संस्था को यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आगामी चार धाम यात्रा के शुभारंभ से पहले ही इस मल्टी-स्टोरी पार्किंग का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।

