ऋषिकेश:
रायवाला कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत छिद्दरवाला ग्रामसभा में पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफलिंग के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। टीम ने एक किराए के मकान पर छापेमारी कर मौके से भारी मात्रा में कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों—रामजीत सिंह, सुमित, वीर सिंह और राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक लोडर वाहन को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है।
शांत रिहायशी इलाके में चल रहा था अवैध धंधा
पूर्ति निरीक्षक गोकुल रमोला, लोकेश पंत, विजय नैथानी, महेंद्र सिंह और मोहित चंद रमोला की संयुक्त टीम और पुलिस बल को सूचना मिली थी कि छिद्दरवाला के एक शांत रिहायशी इलाके में किराए के मकान के भीतर खतरनाक तरीके से गैस सिलेंडरों की अवैध रिफलिंग का काम चल रहा है। इसके बाद टीम ने मौके पर दबिश दी।
भारी मात्रा में सामान बरामद
छापेमारी के दौरान मौके से निम्नलिखित सामग्रियां जब्त की गईं:
- 62 कमर्शियल गैस सिलेंडर
- 32 घरेलू गैस सिलेंडर
- 5 मोटर चलित रिफलिंग किट
- 1 लोडर वाहन (सीज)
दून, ऋषिकेश और डोईवाला में होती थी सप्लाई
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस अवैध तरीके से रिफिल किए गए सिलेंडरों को ऋषिकेश, देहरादून (दून) और डोईवाला के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस और पूर्ति विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी संख्या में ये सिलेंडर कहां से और किसके जरिए लाए गए थे।
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

