देहरादून: देहरादून की क्लेमेंट टाउन थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सुभाष नगर क्षेत्र में हुई बहुचर्चित महिला हत्याकांड की गुत्थी को महज 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पारिवारिक विवाद और पत्नी द्वारा तलाक दिए जाने की तैयारी से क्षुब्ध होकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खून से सनी शर्ट बरामद कर ली है।

112 पर कॉल कर गुमराह करने की कोशिश, फिर हुआ फरार
पुलिस के अनुसार, गत 21 सितंबर 2026 की सुबह आरोपी धीरज पंवार ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि हाथापाई के दौरान गलती से गोली लगने से उसकी पत्नी काजल (26 वर्ष) की मौत हो गई है और वह उसे दून अस्पताल ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सुभाष नगर स्थित घटनास्थल पर पहुंची, जहां महिला बिस्तर पर मृत अवस्था में मिली। उसके सिर और पेट में गोली लगी थी। घटना के बाद से आरोपी पति अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर फरार हो गया।
मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंट टाउन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मोबाइल बंद और बेठिकाना था आरोपी, पुलिस ने ऐसे दबोचा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशों पर थानाध्यक्ष क्लेमेंट टाउन और एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया। आरोपी शादी के बाद से ही अपनी ससुराल में रह रहा था और घटना के बाद अपना फोन बंद कर लिया था, जिससे उसका कोई स्थायी ठिकाना न होने के कारण उसे पकड़ना चुनौतीपूर्ण था।
पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए 23 सितंबर 2026 को आरोपी धीरज पंवार उर्फ लल्लू (30 वर्ष), निवासी ग्राम मेघा शकरपुर (थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) को क्लेमेंट टाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उगला सच: तलाक की खबर से था डिप्रेशन में
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी 12 साल पहले काजल से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। पिछले एक साल से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। बीते तीन महीनों से पत्नी उसे घर में घुसने नहीं दे रही थी और न ही बच्चों से मिलने दे रही थी।
लगभग एक महीने पहले जब आरोपी को पता चला कि उसकी पत्नी उससे तलाक लेने की कानूनी तैयारी कर रही है, तो वह डिप्रेशन में आ गया और उसने पत्नी की हत्या की साजिश रची।
सहारनपुर से खरीदा तमंचा, निर्माणाधीन मकान से की रेकी
योजना के तहत आरोपी ने सहारनपुर से 315 बोर का एक देसी तमंचा खरीदा। घटना की रात वह सहारनपुर से देहरादून पहुंचा और ससुराल के पास एक निर्माणाधीन मकान में छुपकर रेकी करने लगा। सुबह मौका मिलते ही वह टीन का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और बिस्तर पर सो रही पत्नी पर दो फायर कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस बरामदगी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
-
01 देसी तमंचा (315 बोर) – हत्या में प्रयुक्त
-
01 जिंदा कारतूस (315 बोर)
-
घटना के समय पहनी गई खून से सनी शर्ट
पुलिस एवं एसओजी टीम
इस हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में क्लेमेंट टाउन थानाध्यक्ष उ0नि0 लोकपाल परमार, आशारोड़ी चौकी प्रभारी उ0नि0 विवेक भंडारी, हे0का0 राजीव कुमार, हे0का0 धनवीर सिंह, का0 ईदु खान, का0 कृष्ण कुमार तथा एसओजी टीम से उ0नि0 धनीराम पुरोहित, हे0का0 किरण, का0 आशीष राठी और का0 मनोज सुंदरियाल शामिल रहे।

