रायवाला / ऋषिकेश
आगामी त्योहारों और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कोतवाली रायवाला पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.50 ग्राम स्मैक बरामद की है और उसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रतीत नगर तिराहे पर दबोचा गया आरोपी
कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम प्रतीत नगर तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक वहां से गुजरता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को सामने देखकर वह हड़बड़ा गया और पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम राकेश बिन्द, निवासी काले की ढाल, ऋषिकेश बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध स्मैक बरामद हुई।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह खुद स्मैक पीने का आदी है और रेलवे निर्माण कार्य में अपनी बोलेरो गाड़ी चलाता है। उसने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि उसने यह स्मैक धनपुरा, हरिद्वार निवासी ‘अमन’ नामक युवक से 8,000 रुपये में खरीदी थी। वह अपनी नशे की लत को पूरा करने और अपने खर्च निकालने के लिए कभी-कभी अन्य लोगों को भी स्मैक बेचता था।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी राकेश बिन्द पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य संपर्कों और सप्लायर ‘अमन’ की तलाश में जुट गई है।

