देहरादून: राजधानी में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहरादून पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत 4.5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी देहरादून द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अभियुक्तों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 27 सितंबर 2026 को कोतवाली पटेल नगर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15.21 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सूरज (30 वर्ष) पुत्र राजकुमार, निवासी ब्रह्मपुरी, कोतवाली पटेल नगर, देहरादून के रूप में हुई है।
जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में बना तस्कर पुलिस पूछताछ में अभियुक्त सूरज ने बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के धंधे में उतरा था। वह इस स्मैक को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर स्थानीय नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेचने और मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली पटेल नगर में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
-
उप-निरीक्षक आशीष कुमार (चौकी प्रभारी बाजार)
-
कांस्टेबल अनिल सालार
-
कांस्टेबल अनिल भंडारी

