ऋषिकेश: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा, जिसके चलते आगामी 2 नवंबर तक राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के प्रमुख पहाड़ी जिलों—देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
इसके साथ ही, 3,500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात (बर्फबारी) होने की भी प्रबल संभावना है। प्रदेश के अन्य शेष जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा या बर्फबारी दर्ज की जा सकती है।
गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि देहरादून सहित टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जो बढ़कर 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं।
प्रशासन ने खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए नागरिकों और पर्यटकों को पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

