
देहरादून: अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत गुरुवार को कोतवाली नगर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 49 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया। पुलिस इन लोगों को दो बसों में भरकर कोतवाली लेकर आई, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए हलचल का माहौल भी देखने को मिला।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण चौक चौकी क्षेत्र के गांधी ग्राम, न्यू पार्क रोड, गुरुद्वारा रोड और मालवीय नगर में सघन सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने इलाके में रह रहे बाहरी जनपदों और राज्यों से आए लोगों की पहचान और उनके दस्तावेजों की गहन जांच की। पुलिस ने घर-घर जाकर किरायेदारों की जानकारी जुटाई और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया।

अभियान के दौरान कुल 469 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान कई ऐसे लोग सामने आए जो अपनी पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे 49 संदिग्ध व्यक्तियों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जहां उनसे उनकी पहचान और यहां रहने के कारणों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
इसके साथ ही पुलिस ने किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन न कराने वाले मकान मालिकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान 92 मकान मालिकों को पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत नोटिस जारी करते हुए कुल 9 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए 12,250 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले सभी किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, ताकि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में पुलिस का सहयोग किया जा सके।

