पाकिस्तान से भारत पहुंचे 40 श्रद्धालुओं का जत्था पवित्र श्री हेमकुंड साहिब धाम के दर्शन करने के बाद ऋषिकेश होते हुए वापस दिल्ली लौट गया है। यात्रा के दौरान इन श्रद्धालुओं ने ऋषिकेश स्थित श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे में दरबार साहिब के आगे माथा टेका और गुरु घर से देश में अमन-चैन व वतन की खुशियों के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने कम समय में बेहतर और सुगम दर्शन कराने के लिए धामी सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान दर्शन से लेकर सुरक्षा तक की जो व्यवस्थाएं उन्होंने देखीं, वे उनके लिए बेहद यादगार रहेंगी। भारत की सरज़मीन पर आकर श्रद्धालुओं ने खुद को गौरवान्वित महसूस किया और कई धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का पुण्य प्राप्त होने पर प्रसन्नता जताई। यात्रा के इस सुखद अनुभव को देखते हुए श्रद्धालुओं ने भविष्य में दोबारा दर्शन करने की तीव्र इच्छा भी व्यक्त की है।
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मूल रूप से पाकिस्तानी श्रद्धालुओं को अगस्त के महीने में दर्शन के लिए भारत पहुंचना था, हालांकि कुछ तकनीकी कारणों के चलते उन्हें अंतिम समय में धाम के दर्शन करने का यह सौभाग्य प्राप्त हुआ।

