ऋषिकेश: लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिल्टन रैपिड के पास गंगा नदी में नहाते समय एक 20 वर्षीय युवक के डूबने का दुखद मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, लापता युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय (20 वर्ष), पुत्र नंद किशोर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम सीमा रिस्टना, भीकियासैन (अल्मोड़ा) का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि हर्षित पास के ही ‘सीता राम आश्रम’ में कथा सुनने के लिए आया था। रविवार शाम करीब 4:00 बजे वह अपने एक साथी के साथ गंगा में नहाने के लिए हिल्टन रैपिड के पास चला गया। यह क्षेत्र नहाने के लिए प्रतिबंधित घाट की श्रेणी में आता है। नहाने के दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से हर्षित अनियंत्रित होकर बह गया।
SDRF का सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की डीप डाइविंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। डीप डाइवर्स को नदी में उतारकर संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की जा रही है। अंधेरा होने और नदी की लहरों के बावजूद पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हैं।
वृंदावन का छात्र है हर्षित
युवक के पास मिले परिचय पत्र के अनुसार, वह श्रीरंगमलक्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, श्रीधाम वृंदावन (मथुरा) का छात्र है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है।
प्रशासन की अपील
इस घटना के बाद पुलिस और SDRF प्रशासन ने एक बार फिर आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि:
- नदी किनारे और विशेष रूप से रैपिड क्षेत्रों में जाने से बचें।
- केवल सुरक्षित और निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें।
- नदी किनारे लगे सुरक्षा निर्देशों और चेतावनी बोर्डों का पालन अवश्य करें।

