ऋषिकेश। शादी के महज पांच महीने बाद भोपाल में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का शिकार हुई 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की अस्थियां आज ऋषिकेश के पवित्र त्रिवेणी घाट पर गंगा में विसर्जित कर दी गईं। इस दौरान मृतका के पिता नवनिधि शर्मा, भाई हर्षित शर्मा और बहन नैना शर्मा सहित परिवार के तमाम लोग बेहद भावुक नजर आए। नम आंखों और भारी मन से परिजनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर ट्विशा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
परिजनों का छलका दर्द और आक्रोश
अस्थि विसर्जन के दौरान परिजनों का दर्द और न्याय न मिलने का आक्रोश साफ देखने को मिला। रुंधे गले से परिजनों ने कहा कि उनकी बेटी की जिंदगी छीनने वाले और इस घटना के जिम्मेदारों को कभी भी जीवन में शांति और प्यार की अनुभूति नहीं मिलेगी। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
‘शादी डॉट कॉम’ से तय हुआ था रिश्ता
मूल रूप से नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में ‘शादी डॉट कॉम’ के माध्यम से भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश व भोपाल जिला उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह के बेटे, अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
घटना की रात रोते हुए किया था फोन
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन यानी 12 मई की रात ट्विशा ने नोएडा में अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों को फोन किया था। उसने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया था कि नौकरी छोड़ने को लेकर ससुराल वाले उसे नाकारा कहते हैं।
“बातचीत के दौरान ही अचानक ट्विशा का फोन कट गया। इसके करीब दो घंटे बाद उसकी सास गिरिबाला सिंह ने फोन कर सूचना दी कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।”
— ट्विशा के परिजन
इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार सदमे में है और बेटी को न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

