ऋषिकेश: अगर आप खराब मौसम, सेहत से जुड़ी समस्याओं या केदारनाथ धाम में लगातार बढ़ रही भारी भीड़ के कारण बाबा के दरबार जाने में असमर्थ हैं, तो अब आपको मायूस होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। योग नगरी ऋषिकेश का मशहूर त्रिवेणी घाट अब आपको बिना एक कदम चले सीधे बाबा केदारनाथ के दिव्य दर्शन कराएगा। ऋषिकेश नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक बेहद अनोखी और हाई-टेक पहल की शुरुआत की है।
गंगा म्यूजियम में ‘शुभ दर्शन प्रोजेक्ट’ की शुरुआत त्रिवेणी घाट पर स्थित गंगा म्यूजियम में ‘शुभ दर्शन प्रोजेक्ट’ के तहत वर्चुअल रियलिटी (VR) तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम की यात्रा का बिल्कुल सजीव और अलौकिक अहसास कराया जा रहा है। म्यूजियम में आने वाले श्रद्धालु जैसे ही अपनी आंखों पर VR हेडसेट लगाते हैं, वे पलक झपकते ही खुद को बाबा केदारनाथ के दरबार में पाते हैं।
6 मिनट में गौरीकुंड से लेकर मुख्य मंदिर तक का सफर इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसका 360-डिग्री वीडियो फॉर्मेट है। इस हेडसेट को पहनने के बाद श्रद्धालुओं को महसूस होता है कि वे साक्षात केदारनाथ में ही मौजूद हैं। यह वर्चुअल सफर गौरीकुंड से शुरू होता है और आगे बढ़ता है। महज 6 मिनट के भीतर श्रद्धालु बाबा केदार के मुख्य ज्योतिर्लिंग के साथ-साथ भैरव नाथ के भी दिव्य दर्शन कर लेते हैं।
भावुक हो रहे श्रद्धालु, जल्द जुड़ेंगे देश के 70 और तीर्थ इस हाई-टेक यात्रा का अनुभव इतना वास्तविक और सजीव है कि गंगा म्यूजियम में दर्शन करने वाले कई श्रद्धालु पूरी तरह श्रद्धा भाव में डूब जाते हैं। म्यूजियम के प्रबंधकों के मुताबिक, इस वर्चुअल सफर के दौरान कई लोग इतने भावुक हो जाते हैं कि वे सम्मान और आस्था के चलते अपने जूते-चप्पल तक उतार देते हैं।
इस प्रोजेक्ट की सफलता को देखते हुए आने वाले समय में इसका और विस्तार किया जाएगा। नगर निगम की योजना है कि जल्दी ही इस प्रोजेक्ट के माध्यम से देश के 70 अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों को भी जोड़ा जाए, ताकि लोग ऋषिकेश में बैठकर ही देश के विभिन्न पवित्र धामों के दर्शन कर सकें।

