
उत्तराखंड में आज वीआईपी नेताओं के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज उत्तराखंड पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीनों नेताओं का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गांव पंचूर जाएंगे, जहां वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा वे यमकेश्वर स्थित जनता इंटर कॉलेज में बने नए कक्षा कक्षों के लोकार्पण समारोह में भी हिस्सा लेंगे। इसी स्कूल से उन्होंने कक्षा 9 की पढ़ाई की थी।

योगी आदित्यनाथ का जन्म पंचूर गांव में हुआ था। उन्होंने कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई प्राथमिक विद्यालय पंचूर से की। कक्षा 6 से 8 तक की शिक्षा जूनियर हाई स्कूल बिथ्याणी से ली। कक्षा 10 की पढ़ाई खाड़ी हाई स्कूल, नरेंद्र नगर (टिहरी गढ़वाल) से की। इसके बाद कक्षा 11 और 12 की पढ़ाई भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश से पूरी की और स्नातक की पढ़ाई कोटद्वार महाविद्यालय से की।

प्रशासन ने वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यमकेश्वर और बिथ्याणी क्षेत्र में हेलिपैड भी तैयार किया जा रहा है ताकि नेताओं की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके। इस दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

