ऋषिकेश: देशभर में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम जनता पर महंगाई की चौतरफा मार पड़ी है। मंगलवार को पेट्रोल के दामों में 87 से 96 पैसे तक और डीजल में 86 से 94 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल 98.64 रुपये और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है।
पेट्रोल-डीजल महंगा होने का मतलब है कि हर चीज महंगी हो जाएगी। फल, सब्जी, राशन सब पर इसका असर पड़ेगा क्योंकि ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बढ़ जाती है। मध्यम वर्ग के लिए अब गुजारा करना वाकई बहुत मुश्किल होता जा रहा है।
आपको बता दें कि इससे पहले बीते शुक्रवार को भी पेट्रोल-डीजल के दाम में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। लगातार पांच दिनों के भीतर तीसरी बार हुई इस बढ़ोतरी से आम लोगों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। बताया जा रहा है कि ईरान में जारी संघर्ष के चलते वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसके कारण तेल विपणन कंपनियों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। रोजमर्रा की जरूरी चीजों से लेकर परिवहन खर्च तक सब कुछ महंगा होता जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण अब घर चलाना भी मुश्किल होता जा रहा है।
जाहिर है कि वैश्विक परिस्थितियों के चलते बढ़ रही तेल की कीमतें अब सीधे तौर पर देश के आम नागरिक की थाली और जेब पर डाका डाल रही हैं। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में जनता को इस महंगाई से कोई राहत मिलती है या फिर यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।

