देहरादून: ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने और सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए देहरादून पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर जिले में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नियमों के विपरीत और निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में बजने वाले लाउडस्पीकरों पर सख्त एक्शन लिया गया।
अभियान के दौरान दून पुलिस की टीमों ने पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड (प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के अधिकारियों के साथ मिलकर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित धार्मिक स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तय सीमा से अधिक ध्वनि में संचालित पाए गए 43 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकरों को तत्काल हटवा दिया गया।
पुलिस ने सभी संबंधित प्रबंधन और व्यक्तियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और तय मानकों के लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन न किया जाए।
अभियान के साथ-साथ पुलिस ने लोगों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, अदालती आदेशों और शासन की गाइडलाइंस के प्रति जागरूक भी किया। दून पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी भी संस्थान या व्यक्ति द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया, तो संबंधित अधिनियमों के तहत उनके खिलाफ सख्त वैधानिक और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

