
ऋषिकेश: स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने बैराज कैंप कार्यालय में सीवरेज परियोजना के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर एस.के. वर्मा मौजूद रहे। विधायक ने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सीवरेज कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ खोदी गई सड़कों को जल्द दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर एस.के. वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में सीवरेज के तीन पैकेजों पर तेजी से काम चल रहा है। वहीं, एक पैकेज की टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर है और एक अन्य पैकेज स्वीकृति के लिए शासन स्तर पर लंबित है।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने तीनों संचालित पैकेजों के कार्यों की क्षेत्रवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि देहरादून रोड, प्रगति विहार, मेन रोड, खदरी, बापू ग्राम और 20 बीघा समेत जिन भी इलाकों में सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है, वहां खोदी गई सड़कों का पुनर्निर्माण इसी माह के अंत तक हर हाल में पूरा किया जाए।
विधायक ने कहा कि सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास बेहद जरूरी है, लेकिन इसके कारण आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़कों को लंबे समय तक क्षतिग्रस्त अवस्था में छोड़ने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

