
देहरादून: उत्पीड़न और धोखाधड़ी के मामले में घिरे राज्य की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने कोर्ट से आरोपी गिरधारी साहू के खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) हासिल कर लिया है। लगातार फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अब उस पर इनाम घोषित करने की तैयारी में है।
बता दें कि बीते 15 अक्तूबर को देहरादून के कैंट कोतवाली में गिरधारी साहू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अपना मोबाइल फोन बंद कर लगातार लापता चल रहा है। एसआईटी की टीमों ने आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश के बरेली समेत कई संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस और जांच एजेंसी को आशंका है कि आरोपी भारत से भागकर नेपाल में शरण ले सकता है। इससे पहले आरोपी द्वारा दाखिल की गई अग्रिम जमानत याचिका को भी अदालत खारिज कर चुकी है।
अब कोर्ट से गैर जमानती वारंट मिलने के बाद एसआईटी ने आरोपी की गिरफ्तारी तेज करने के लिए उस पर इनाम घोषित कराने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

