
ऋषिकेश: गुमानीवाला स्थित कचरा निस्तारण प्लांट का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के कैंप कार्यालय का घेराव करने और विरोध प्रदर्शन के दौरान हंगामा करने के मामले में पुलिस ने 18 नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।
https://youtube.com/shorts/j1Gfe0sToFw?si=QtSUxCJqAuzVhyEG
बीते दिन गुमानीवाला में बनने वाले कचरा प्लांट का विरोध कर रहे दर्जनों लोग अपनी मांगों को लेकर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन और घेराव करने पहुंचे थे। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बलपूर्वक अभद्र व्यवहार किया और सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरियरों को तोड़ने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने न केवल महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की, बल्कि अपने साथ लाया घरेलू कचरा भी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर फेंक दिया। इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का भी आरोप लगा है।
ऋषिकेश कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक (SSI) नवीन जोशी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है और इसकी जांच उप निरीक्षक (SI) कविंदर राणा को सौंपी गई है।
इन 18 लोगों पर दर्ज हुआ नामजद मुकदमा: पुलिस ने मामले में देवेंद्र बेलवाल, दिनेश मास्टर, लालमणि रतूड़ी, राजेंद्र गैरोला, ऊषा चौहान, संदीप भंडारी, हिमांशु रावत, रंजीत थापा, हिमांशु पंवार, रमजान, संजय सिलस्वाल, राजेंद्र गुसोला, मुकेश भट्ट, रीना रांगड़, प्रवीन सकलानी, सतीश रावत, लाल सिंह बोरा और सुधीर राय के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

