
ऋषिकेश में इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। पुलिस और होमगार्ड्स की भारी कमी के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव संभालना पुलिस प्रशासन के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। इसके चलते सुबह से लेकर देर शाम तक शहर की प्रमुख सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नज़र आ रही हैं और स्थानीय निवासियों के साथ-साथ यहाँ पहुँच रहे पर्यटक दिनभर जाम की समस्या से जूझने को मजबूर हैं।
बताते चले कि शहर के कोतवाली चौक, कचहरी मार्ग, आईडीपीएल, ढालवाला और ऋषिकेश-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रह रही हैं। आगामी त्योहारों की खरीदारी और वीकेंड के कारण बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की आवक में भी ज़बरदस्त इजाफ़ा हुआ है।
यातायात के इस भारी दबाव के मुकाबले चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों और होमगार्ड्स की संख्या बेहद कम है। पर्याप्त बल न होने के कारण प्रमुख चौराहों पर जाम से निपटने के तमाम इंतज़ाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। इसके अलावा चंद्रभागा पुल, मुख्य बाज़ार और आसपास के संकरे मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है, जिससे लोगों का पैदल चलना तक दूभर हो गया है।
कुंभ मेले में ड्यूटी बनने से बढ़ा संकट: मिली जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश में तैनात 24 होमगार्ड्स की ड्यूटी कुंभ मेले में लगा दी गई है, जिसके चलते यहाँ मैनपावर का भारी संकट खड़ा हो गया है और ट्रैफिक नियंत्रण पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
प्रशासन का पक्ष:
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएसआई रविकांत ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए अतिरिक्त होमगार्ड्स की मांग शासन-प्रशासन को भेजी गई है। फिलहाल उपलब्ध होमगार्ड्स और जवानों के सहयोग से ही व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

