
ऋषिकेश में पुरानी आपसी रंजिश को लेकर एक युवक और उसके दोस्तों पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के आरोप में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने चार नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार (09 नवंबर 2026) को तिलक रोड, ऋषिकेश निवासी वादी कृष्ण डुडेजा पुत्र जय प्रकाश डुडेजा ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी। वादी ने बताया कि 09 नवंबर की तड़के लगभग 3:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ दीपावली पार्टी से घर लौट रहा था।
जैसे ही वे गंगानगर स्थित पैरामैक्स अपार्टमेंट के पास पहुंचे, पुरानी रंजिश के चलते शिवांश गुप्ता और उसके साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। जब वादी और उसके दोस्तों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में वादी को गंभीर और अंदरूनी चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने वारदात के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी।
इन आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा:
पुलिस ने प्रार्थना पत्र और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 588/2026, धारा 109(1), 351(3), 352, 191(2), 126(2) बीएनएस (BNS) के तहत केस दर्ज किया है। मामले में निम्नलिखित आरोपी नामजद हैं:
- शिवांश गुप्ता (पुत्र अतुल गुप्ता)
- पार्थ राजपूत
- अनिकेत राजपूत
- ध्रुविश चौधरी
- एक अन्य अज्ञात अभियुक्त
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, गिरफ्तारी के प्रयास जारी:
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की गहनता से विवेचना कर रही है और नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

