
ऋषिकेश:
तीर्थनगरी ऋषिकेश के तपोवन स्थित नीम बीच पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से दोस्तों के साथ घूमने आए 22 वर्षीय युवक की गंगा में नहाते समय तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। एसडीआरएफ (SDRF) के डीप डाइवरों ने कड़े संघर्ष के बाद युवक के शव को नदी की गहराई से बाहर निकाला। हादसे के बाद मृतक के दोस्तों में कोहराम मच गया।
पुलिस व SDRF से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से 8 युवकों का एक दल तपोवन क्षेत्र में घूमने आया हुआ था। सोमवार को सभी युवक नीम बीच के पास पांडव पत्थर के समीप गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान मयूर विहार, दिल्ली निवासी 22 वर्षीय आशीष अचानक गंगा के तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आकर बह गया।
स्कूबा डाइविंग सेट पहनकर चला सर्च अभियान:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। गंगा के प्रचंड बहाव और अत्यधिक गहराई को देखते हुए SDRF के प्रशिक्षित डीप डाइवर पंकज सिंह ने स्कूबा डाइविंग सेट पहनकर नदी में 20 से 25 फीट की गहराई तक सघन सर्च अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद डीप डाइवरों ने युवक को पानी के भीतर से खोज निकाला। टीम ने तत्काल उसे 108 आपातकालीन एम्बुलेंस की मदद से राजकीय अस्पताल ऋषिकेश भिजवाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

