
ऋषिकेश: धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी ऋषिकेश स्थित प्रसिद्ध जयराम आश्रम में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम में शहर तथा आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना कर भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए जयराम आश्रम के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव के गूढ़ आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
पौराणिक कथा का रसमयी वर्णन करते हुए ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने कहा, “भगवान श्री कृष्ण ने देवराज इंद्र के अभिमान को भंग करने के लिए विशाल गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठिका (छोटी उंगली) पर धारण कर लिया था। जब इंद्र के प्रकोप से मूसलाधार बारिश होने लगी, तब श्री कृष्ण ने समस्त गोकुलवासियों और पशु-पक्षियों की रक्षा के लिए उन्हें गोवर्धन पर्वत के नीचे शरण दी थी।” उन्होंने आगे कहा कि भगवान की इसी पावन और दयामयी लीला की स्मृति में युगों से गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाने की यह सनातन परंपरा निरंतर चली आ रही है।
पूजा-अर्चना के उपरांत अन्नकूट का विशाल प्रसाद वितरित किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े ही भाव और श्रद्धा के साथ ग्रहण किया। संपूर्ण आश्रम परिसर ‘जय श्री कृष्णा’ और ‘गोवर्धन धारी की जय’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।

