
ऋषिकेश:
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने आईडीपीएल सिटी गेट के पास स्थित ‘गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड’ की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी किए गए 30 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 1 आईपैड और घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 6 नवंबर को शिवाजी नगर निवासी अश्वनी गुप्ता की आईडीपीएल सिटी गेट के सामने स्थित दुकान से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के मोबाइल और लैपटॉप चुरा लिए थे। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में तुरंत मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस को मंगलवार को मुखबिर के जरिए एक महत्वपूर्ण सूचना मिली कि इस घटना में शामिल चार लोग चोरी का माल बेचने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी की और दो मोटरसाइकिलों पर सवार चारों संदिग्धों को धर दबोचा।
जंगल में छिपाया गया था चोरी का सामान
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी संदीप के साथ मिलकर चोरी की इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। उन्होंने पुलिस को बताया कि चोरी किया गया सारा सामान उन्होंने पास के ही एक जंगल में छिपाकर रखा था, जिसे वे आज बेचने के लिए ले जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार है:
- नितिन दास (निवासी – रायवाला)
- अभिषेक थापा (निवासी – रायवाला)
- योगेंद्र उर्फ दीपक (निवासी – ज्वालापुर, हरिद्वार)
- रोहन (निवासी – लालतप्पड़)
पुलिस टीम इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपी (संदीप) की तलाश में जुट गई है और सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

