
देहरादून। राजधानी के पटेल नगर थाना क्षेत्र में हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस की कार्रवाई अब खुद सवालों के घेरे में आ गई है। बरामदगी की रकम में भारी अंतर और एक हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता की गिरफ्तारी को लेकर हुए भारी हंगामे के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने इस मामले की जांच सिटी सर्किल से हटाकर एसपी ऋषिकेश (एसपी देहात) जया बलूनी को सौंप दी है।
क्या है पूरा मामला? पटेल नगर क्षेत्र में हुई 14 लाख रुपये की लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों में बजरंग दल का कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी भी शामिल है। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से केवल 3 लाख 2 हजार रुपये ही बरामद दिखाए गए, जबकि शेष करीब 11 लाख रुपये का कोई हिसाब नहीं मिला।
बजरंग दल का प्रदर्शन और आरोप
रकम के हिसाब में गड़बड़ी और सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने पुलिस पर उनके कार्यकर्ता को झूठे मामले में फंसाने और लूट की बाकी रकम को लेकर पारदर्शिता न बरतने के गंभीर आरोप लगाए।
निष्पक्ष जांच के लिए बदला गया जांच अधिकारी मामले को तूल पकड़ता देख और पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवालों के मद्देनजर एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह केस सिटी सर्किल से स्थानांतरित कर एसपी ऋषिकेश जया बलूनी को सौंप दिया है।
एसपी ऋषिकेश का बयान
जांच मिलने के बाद एसपी ऋषिकेश जया बलूनी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की भूमिका और कार्रवाई को लेकर एसएसपी को एक प्रार्थना पत्र सौंपा गया था, जिसके आधार पर यह जांच उन्हें मिली है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की गहन तफ्तीश की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने आमजन और संबंधित पक्षों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ा कोई भी साक्ष्य या जानकारी है, तो वह सीधे उनके कार्यालय में आकर प्रस्तुत कर सकता है।

