
ऋषिकेश। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही एक यात्री बस गूलर पुल के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई से होते हुए सीधे नदी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 8 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 26 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
सुबह सवा चार बजे हुआ हादसा मुनिकीरेती पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब सवा चार बजे हुई। यात्रियों से भरी बस हरिद्वार से बद्रीनाथ की ओर जा रही थी। गूलर पुल के समीप पहुंचते ही अचानक चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके परिणामस्वरूप बस अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। सुबह के सन्नाटे के बीच हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
युद्धस्तर पर चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन हादसे की सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। थाना मुनिकीरेती के साथ ही गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकियों का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसडीआरएफ (SDRF), फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी बुलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए खाई और नदी से 26 घायलों को बाहर निकाला, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी टिहरी के अपर जिलाधिकारी (ADM) शैलेंद्र सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए स्थिति की जानकारी दी है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस और एसडीआरएफ का सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस में कुल कितने यात्री सवार थे। साथ ही, हादसे में जान गंवाने वाले 8 मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी चल रही है।

