
ऋषिकेश। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर रेलवे रोड स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में श्रद्धालुओं और प्रबंधन की सुविधा के लिए 10 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने रिबन काटकर इस सोलर प्लांट का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सभी प्रदेशवासियों को गुरु नानक देव के जन्मदिवस की बधाई दी। उन्होंने सोलर प्लांट लगाने की इस पहल के लिए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि सिख कौम में सेवा और नवाचार का जो जज्बा देखने को मिलता है, वह विरला ही है और वे इस भावना को सलाम करते हैं।

सौर ऊर्जा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति के लिए ऊर्जा के क्षेत्र में स्वावलंबी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत में सौर ऊर्जा की अपार संभावनाएं हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पीएम सूर्य घर योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2030 तक सौर ऊर्जा उत्पादन के बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का संकल्प लिया गया है। इसके माध्यम से न केवल देश को औद्योगिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है, बल्कि आम आदमी की आजीविका और आर्थिक मजबूती के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

