
ऋषिकेश। भाई दूज के पावन पर्व पर ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शिवाजी नगर की गली नंबर 24 स्थित एक घर में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई, जिससे घर के भीतर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित रामचंद्र अपनी पत्नी और बच्चों के साथ भाई दूज मनाने के लिए अपने साले के घर गए हुए थे। इसी दौरान बंद घर में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखे बिस्तर, कपड़े, बिजली के उपकरण और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही रामचंद्र अपने परिवार के साथ बदहवास हालत में घर पहुंचे। अपने आशियाने और गृहस्थी को जलता देख परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सदमे के कारण रामचंद्र की पत्नी मौके पर ही दो बार बेहोश हो गईं, जिन्हें आसपास के लोगों ने संभाला।
आग की लपटें देख स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों और दमकल कर्मियों की करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी सबसे पहले मौके पर पहुंचे। इसके बाद मेयर शंभू पासवान ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी ने तत्काल राहत के तौर पर अपनी ओर से रामचंद्र को 5,100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही, उन्होंने क्षेत्र के अन्य लोगों से भी इस कठिन समय में पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।

