हरिद्वार। बुद्ध पूर्णिमा के पावन पर्व पर आज धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा और भक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। तड़के सुबह से ही देश के कोने-कोने से आए लाखों श्रद्धालुओं ने ‘हर की पौड़ी’ सहित विभिन्न गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी लगाई। मान्यता है कि बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान और दान-पुण्य करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है, इसी कामना के साथ श्रद्धालुओं का रेला निरंतर घाटों की ओर बढ़ रहा है।
सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। संपूर्ण मेला क्षेत्र को विभिन्न सेक्टर और जोन में विभाजित कर अधिकारियों की तैनाती की गई है।
-
निगरानी: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
-
ट्रैफिक प्लान: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
जाम ने बढ़ाई मुश्किलें
प्रशासन के तमाम दावों और इंतजामों के बावजूद, श्रद्धालुओं की संख्या उम्मीद से अधिक होने के कारण हाईवे पर कई जगह जाम की स्थिति देखने को मिली। भीषण गर्मी और घंटों लगे जाम की वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, पुलिसकर्मी यातायात को सुचारू करने के लिए लगातार मशक्कत करते दिखे।
बुद्ध पूर्णिमा के दिन न केवल स्नान बल्कि दान-पुण्य का भी विशेष महत्व है। श्रद्धालु स्नान के पश्चात घाटों पर तीर्थ पुरोहितों को दान देकर पुण्य लाभ कमा रहे हैं।
देर शाम तक गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।

