
रुद्रप्रयाग। एकादशी के बाद बाबा केदारनाथ धाम में कड़ाके की ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। धाम में तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है, जिससे सुबह और शाम के समय हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, 11 नवंबर को भैयादूज के पावन पर्व पर केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए विधि-विधान से बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने की तिथि समीप आते देख और बढ़ती ठंड के कारण यात्रा मार्ग पर व्यापार करने वाले दुकानदारों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया है। ज्यादातर स्थानीय व्यापारी दीपावली का त्यौहार अपनों के साथ घर पर मनाने के उद्देश्य से प्रस्थान कर रहे हैं।
भीषण ठंड के बावजूद भक्तों का उत्साह बरकरार मौसम के मिजाज में आए इस कड़े बदलाव के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। केदारनाथ धाम में अभी भी प्रतिदिन 4 से 5 हजार श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। कड़ाके की ठंड के बीच भक्त कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं।
इस सीजन बना नया रिकॉर्ड प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, इस साल की केदारनाथ यात्रा ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस यात्रा सीजन में अब तक 19 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं। 11 नवंबर को कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की सुप्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा का औपचारिक समापन हो जाएगा।

