
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में गुरुवार से विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान की विधिवत शुरुआत हो गई है। इसके तहत राज्य की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश वोटर लिस्ट में शामिल होने से रह गया था, उन्हें अब 11 दिसंबर तक अपना नाम जुड़वाने का एक और सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत आज से ही मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है।
इससे पूर्व, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के उपरांत 12 से 20 अक्तूबर तक राज्यभर में एक विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान एक लाख से अधिक लोगों ने नया मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन किया था। इनमें से बड़ी संख्या में पात्र आवेदकों के नाम वर्तमान ड्राफ्ट सूची में जोड़े जा चुके हैं। मतदाताओं की संख्या में हुए इस इजाफे के साथ ही राज्य के मतदान स्थलों (पोलिंग बूथ) में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं। चुनाव आयोग शुक्रवार को सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेगा, जिसके बाद मतदाताओं और मतदान स्थलों का विस्तृत ब्यौरा औपचारिक रूप से जारी किया जाएगा।
निर्वाचन विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ड्राफ्ट रोल जारी होने होने के बाद भी यदि कोई योग्य नागरिक छूट गया है, तो वह निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर सकता है। इसके अतिरिक्त, एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी नया मतदाता बनने के लिए अग्रिम आवेदन करने के पात्र होंगे।
इस पुनरीक्षण अभियान के तहत विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए गए हैं। नागरिक मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, किसी का नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7, तथा नाम, पते या अन्य विवरणों में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक कराने के लिए फॉर्म-8 भरकर 11 दिसंबर तक जमा कर सकते हैं।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने बताया कि आमजन घर बैठे ऑनलाइन माध्यम (पोर्टल या ऐप) से अथवा अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन कर इस लोकतांत्रिक अभियान का लाभ उठा सकते हैं। 11 दिसंबर तक प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों, दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के पश्चात आगामी वर्ष चार जनवरी को राज्य की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

