ऋषिकेश: भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुंरग ने खुद पर लगे संपत्ति संबंधी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। रविवार को श्यामपुर नटराज बायपास मार्ग स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस संपत्ति को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह उसकी मालकिन नहीं बल्कि किराएदार हैं।
रेंट एग्रीमेंट और मूल दस्तावेज पेश किए
प्रेस वार्ता के दौरान लक्ष्मी गुंरग ने कहा कि हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति द्वारा उन पर संपत्ति कब्जाने के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह निराधार और उनकी छवि को धूमिल करने की साजिश है। उन्होंने पत्रकारों को रेंट एग्रीमेंट दिखाते हुए बताया कि वह उक्त संपत्ति पर किराएदार के तौर पर रह रही हैं और उनके पास इसके वैध दस्तावेज मौजूद हैं।
संपत्ति के मालिक ने भी दिया समर्थन
हैरानी की बात यह रही कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में संपत्ति के मूल मालिक भी लक्ष्मी गुंरग के साथ उपस्थित थे। उन्होंने मीडिया के सामने पुष्टि की कि लक्ष्मी गुंरग पिछले कई वर्षों से उनकी किराएदार हैं। मालिक ने कहा, “गलत बयानबाजी के जरिए संपत्ति पर हक जताने की कोशिश की जा रही है, जबकि संपत्ति के असली कागजात मेरे पास हैं। लक्ष्मी जी के खिलाफ और मेरे खिलाफ जो भी बातें कही गई हैं, वे झूठ का पुलिंदा हैं।”
सार्वजनिक माफी या कानूनी कार्रवाई
लक्ष्मी गुंरग ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आरोप लगाने वाले व्यक्ति को अपने बयानों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित व्यक्ति जल्द माफी नहीं मांगता, तो वे उसके खिलाफ मानहानि और अन्य सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई करेंगी।
इस दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजनीति में उनकी सक्रियता और बढ़ते कद को देखते हुए कुछ लोग निजी स्वार्थ और द्वेष भावना के चलते उन पर कीचड़ उछालने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे वे सफल नहीं होने देंगी।

