ऋषिकेश। तीर्थ नगरी में जहाँ एक ओर उपभोक्ता गैस की किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गैस एजेंसियों के कर्मचारियों की मनमानी और अवैध कार्यों के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला ऋषिकेश के बनखंडी क्षेत्र का है, जहाँ ‘इंडियन गैस’ के एक सप्लाई वाहन के भीतर खुलेआम गैस रिफिलिंग (पलटी) करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।
छत से बने वीडियो ने खोली पोल
जानकारी के अनुसार, बनखंडी क्षेत्र में खड़े एक गैस सप्लाई वाहन के भीतर कर्मचारी ‘बांसुरी’ (रिफिलिंग पाइप) के माध्यम से एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस भरता हुआ देखा गया। इस दौरान जब एक स्थानीय नागरिक ने पास से वीडियो बनाने की कोशिश की, तो कर्मचारी सतर्क हो गया और आनन-फानन में उपकरण छिपाकर काम रोक दिया।
हालांकि, कर्मचारी को इस बात का इल्म नहीं था कि पास ही के एक घर की छत से एक अन्य जागरूक नागरिक उसकी इस पूरी करतूत को कैमरे में कैद कर रहा है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कर्मचारी बिना किसी डर के वाहन के अंदर इस अवैध और जोखिम भरे काम को अंजाम देता नजर आ रहा है।
घरेलू सिलेंडरों में वजन कम होने की आशंका
इस वीडियो के सामने आने के बाद उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। माना जा रहा है कि वेंडरों द्वारा इस तरह गैस की चोरी कर घरेलू सिलेंडरों में निर्धारित वजन से कम गैस सप्लाई की जा रही है। गैस की इस ‘कालाबाजारी’ से न केवल उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डाला जा रहा है, बल्कि बीच सड़क पर इस तरह रिफिलिंग करना किसी बड़े हादसे को दावत देने जैसा है।
कड़ी कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी (DSW) से मामले का संज्ञान लेने की अपील की है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित गैस एजेंसी और आरोपी कर्मचारी की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की धांधली पर लगाम लग सके।

