देहरादून में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जांच का दायरा और सख्त कर दिया है। देहरादून के राजपुर क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज घटना में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कुछ आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जो भी व्यक्ति प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक 30 मार्च की सुबह करीब 6:50 बजे डायल 112 पर रोडरेज और फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम को पता चला कि मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध वाहनों की पहचान की। इसी कड़ी में कोठाल गेट के पास स्थित GenZ Club की गतिविधियां भी सामने आईं। पुलिस जांच में पता चला कि घटना से एक रात पहले क्लब में बिल को लेकर क्लब संचालकों और कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। माना जा रहा है कि उसी विवाद की रंजिश अगले दिन सड़क पर हिंसक झड़प में बदल गई और रोडरेज के दौरान फायरिंग की घटना हो गई, जिसकी चपेट में आकर ब्रिगेडियर की जान चली गई।
इस मामले में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि दोनों पक्षों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। क्लब मालिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष के एक आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है और उसके साथियों की तलाश जारी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर क्लब को भी सील कर दिया है, ताकि आगे की जांच निष्पक्ष और गहराई से की जा सके।

