देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट स्थित हिमालय सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित ‘प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल से देश के करोड़ों किसानों के लिए जारी की गई ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ की 23वीं किस्त के देशव्यापी वर्चुअल प्रसारण को देखा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। सम्मान निधि की यह किस्त किसानों की खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने में बेहद मददगार साबित होगी।
हिमालय सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय किसान, कृषि विभाग के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने भी सीधे प्रसारण के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और केंद्र सरकार की किसान-कल्याणकारी नीतियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

