




डोईवाला (देहरादून): दून पुलिस ने एक बार फिर अपनी मानवीय संवेदना और मुस्तैदी की मिसाल पेश की है। कोतवाली डोईवाला क्षेत्र के अंतर्गत जौलीग्रांट पुलिस चौकी ने लावारिस हालत में मिली 04 वर्षीय मासूम बालिका को महज एक घंटे के भीतर तलाश कर सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए और उन्होंने पुलिस टीम का सह्रदय आभार व्यक्त किया।
क्या है पूरा मामला? मिली जानकारी के अनुसार, आज (23 सितंबर 2026) चौकी जौलीग्रांट पर तैनात पुलिसकर्मियों को गश्त के दौरान क्षेत्र में एक 4 साल की छोटी बच्ची अकेली और लावारिस हालत में घूमती हुई दिखाई दी। कम उम्र होने के कारण मासूम अपने घर या माता-पिता के बारे में कुछ भी बताने में असमर्थ थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया। स्थानीय सूचना तंत्र (लोकल इनपुट) को सक्रिय करने के साथ-साथ बच्ची की तस्वीर को स्थानीय स्तर पर विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप्स और अन्य माध्यमों से व्यापक रूप से प्रसारित किया गया।
1 घंटे की त्वरित कार्रवाई में मिली सफलता पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अथक प्रयासों का ही नतीजा रहा कि महज 01 घंटे के भीतर बच्ची के परिजनों का पता लगा लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि बालिका खेल-खेल में रास्ता भटककर घर से काफी दूर निकल आई थी।
बालिका के पिता मूल रूप से ग्राम बढ़नपुरवा (थाना पढ़वा, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं और वर्तमान में 06 नंबर चौक, आठूरवाला (जौलीग्रांट, देहरादून) में निवास कर रहे हैं। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी कर बच्ची को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
-
उ0नि0 चिंतामणि मैठानी (चौकी प्रभारी, जौलीग्रांट)
-
कांस0 दुष्यंत
-
कांस0 सचिन राणा
-
कांस0 सुनीत कुमार
-
महि0 कांस0 सोनी चौहान
दून पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। परिजनों ने संकट के समय में मददगार बनी पुलिस टीम का दिल से धन्यवाद किया।

