
होली रंगों, खुशियों और रिश्तों का त्योहार है। उत्तराखंड में इस बार होली बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। गली-गली में होल्यारों की टीमें पहुंचीं और लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की बधाई दी। हवा में उड़ता अबीर-गुलाल और घरों से आती गुजिया की मीठी खुशबू ने माहौल को और भी खास बना दिया। राज्य में पहाड़ से लेकर मैदान तक हर जगह सुबह से ही होली का जश्न शुरू हो गया। कहीं पारंपरिक होली गीत गूंजे तो कहीं युवा डीजे की धुन पर नाचते दिखाई दिए। गांव हो या शहर, हर जगह लोग रंगों में सराबोर नजर आए।

होल्यारों की टीमें ढोल-दमाऊं की थाप के साथ घर-घर पहुंचीं। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं। घरों में बने ताजे गुजिया और पकवानों की खुशबू से त्योहार की रौनक और बढ़ गई। बच्चों में भी होली को लेकर खास उत्साह दिखा। रंग-बिरंगी टी-शर्ट पहनकर और हाथों में पिचकारी लेकर बच्चे सुबह से ही सड़कों पर निकल पड़े। वहीं हरिद्वार में योग गुरु बाबा रामदेव ने फूलों की होली खेलकर लोगों के साथ खुशियां बांटी।
ऋषिकेश के स्वर्ग आश्रम स्थित परमार्थ निकेतन के पास भारत साधु समाज घाट पर भी जमकर होली खेली गई। यहां देश-विदेश से आए पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार मनाया और होली के गीतों पर नाचते-गाते नजर आए।

होली के इस मौके पर बड़े-बुजुर्गों ने पारंपरिक बैठकी होली का आनंद लिया, जबकि युवाओं ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया। महिलाओं ने भी समूह बनाकर होली गीत गाए और एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई दी। मसूरी में भी सैलानियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर खूब होली खेली। राजनीतिक जगत में भी होली की रौनक देखने को मिली। मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि होली प्यार, भाईचारे और सद्भाव का त्योहार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी मिलकर इस पर्व को खुशी और शांति के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध का माहौल है, लेकिन भारत में लोग शांति से रंगों का त्योहार मना रहे हैं, जो हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि होली के रंग सभी के जीवन में खुशियां और नई ऊर्जा लेकर आएंगे।

