
देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के देहरादून दौरे के दौरान राज्य को दो बड़े और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के जरिए रणनीतिक व प्रशासनिक संदेश दिए। पुलिस लाइन में आयोजित गरिमामय ‘राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह’ में गृह मंत्री ने उत्तराखंड पुलिस को उसके उत्कृष्ट कार्यों और गौरवशाली सेवाओं के लिए ‘राष्ट्रपति निशान’ (President’s Colour) प्रदान किया।
पुलिस अधिकारियों का सम्मान और विशेष डाक कवर जारी समारोह के दौरान अमित शाह ने राज्य पुलिस के असाधारण योगदान की सराहना की। इस अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के दो अधिकारियों को ‘राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक’ तथा तीन अधिकारियों को ‘सराहनीय सेवा पदक’ से अलंकृत किया गया। इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग की ओर से एक विशेष डाक कवर (Special Cover) भी जारी किया गया।

परेड ग्राउंड से चुनावी शंखनाद: ’65 पार’ का नारा समारोह से पूर्व देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए राज्य में ’65 पार’ का नया चुनावी नारा दिया।
कांग्रेस पर तीखा हमला विपक्ष पर हमला बोलते हुए गृह मंत्री ने कांग्रेस पार्टी की ‘वोट बचाओ यात्रा’ को आड़े हाथों लिया और उसे ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष विकास की राजनीति करने के बजाय तुष्टिकरण और घुसपैठियों के संरक्षण का काम कर रहा है, जिसे राज्य की जनता भली-भांति समझती है।
अमित शाह के इस दौरे से एक ओर जहां राज्य पुलिस बल का मनोबल बढ़ा है, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में चुनावी गर्माहट और तेज हो गई है।

