
पौड़ी गढ़वाल/ऋषिकेश/हरिद्वार। उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों की आर्थिकी को मजबूत करने और लगातार बढ़ रहे पलायन की चुनौती से निपटने के लिए अब पारंपरिक खेती के साथ-साथ जड़ी-बूटी एवं औषधीय पौधों की खेती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य सरकार उत्तराखंड को ‘हर्बल स्टेट’ के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
यह बात मालागांव में आयोजित प्रथम हर्बल कुंभ एवं द्वितीय धन्वंतरि महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित भव्य कार्यक्रम में उभरकर आई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि पहुंचे कृषि मंत्री गणेश जोशी, ग्रामीण विकास एवं एमएसएमई मंत्री भरत चौधरी तथा बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शिरकत की।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय अंचलों में औषधीय और सगंध पौधों की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। यदि किसान पारंपरिक फसलों के साथ-साथ हर्बल खेती को अपनाएं, तो इससे न केवल उनकी आय में भारी बढ़ोतरी होगी बल्कि गांवों से हो रहे पलायन पर भी प्रभावी रोक लग सकेगी।
मंत्रियों ने इस बात पर जोर दिया कि उत्तराखंड को हर्बल स्टेट बनाने के राज्य सरकार के संकल्प को साकार करने में पतंजलि के प्रयास और मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पतंजलि द्वारा जड़ी-बूटी अनुसंधान, कृषकों को प्रोत्साहन और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने भी स्थानीय किसानों को औषधीय पौधों की आधुनिक खेती और उनसे मिलने वाले आर्थिक लाभों की जानकारी दी। आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजनों से राज्य के दूरदराज के क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

